उत्तराखंड
लालकुआं (नैनीताल) बिन्दुखत्ता राजस्व गांव मामले में BJP युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी द्वारा CM धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, CM ने कार्रवाई हेतू दिए जरूरी दिशा-निर्देश
लालकुआं (नैनीताल) बिन्दुखत्ता राजस्व गांव बनाने मामले पर युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी द्वारा सीएम धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, सीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश
लालकुआं (नैनीताल) भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के प्रयासों से नैनीताल जनपद में स्थित व ‘मिनी उत्तराखंड’ के नाम से विख्यात बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव घोषित किए जाने की मांग को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में वनाधिकार समिति, क्षेत्र के पूर्व सैनिक संगठन तथा बिन्दुखत्ता के गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष बिन्दुखत्ता को लंबे समय से राजस्व गांव का दर्जा न मिलने से उत्पन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि राजस्व गांव का दर्जा न होने के कारण क्षेत्रवासियों को भूमि स्वामित्व, विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही वर्षों से यहां निवास कर रहे लोगों की सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बिन्दुखत्ता के निवासियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में है और नियमों के अंतर्गत हर संभव कदम उठाया जाएगा।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिन्दुखत्ता के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग है और मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक रुख अपनाना क्षेत्रवासियों के लिए आशा की नई किरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की दिशा में ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के बाद बिन्दुखत्ता क्षेत्र में खुशी और उम्मीद का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। इस मौके मुख्य रूप से नवीन सिंह पपोला जी (मंडल अध्यक्ष, भाजपा बिंदुखत्ता) , अर्जुन नाथ गोस्वामी (अध्यक्ष, वन अधिकार समिति)भरत नेगी (पूर्व मंडल अध्यक्ष, भाजपा बिंदुखत्ता) पूरन बोरा (मंडल महामंत्री, भाजपा बिंदुखत्ता) कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट (पूर्व सैनिक) कैप्टन दलवीर सिंह कफोला (पूर्व सैनिक) चंचल सिंह कोरंगा (पूर्व सैनिक) भुवन भट्ट (सचिव, वन अधिकार समिति) श्याम सिंह रावत एवं प्रमोद कलोनी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।