उत्तराखंड
लालकुआं न्यूज:- चेयरमैन और कोतवाल विवाद अपडेट: ट्रांसफर की मांग और कार्य बहिष्कार का ऐलान! शहर की सफाई व्यवस्था चरमराने और जनता के जरूरी काम प्रभावित होने का मंडराया खतरा……
### लालकुआं में चेयरमैन और कोतवाल के बीच टकराव से गरमाई सियासत, कार्य बहिष्कार का ऐलान!
प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के ट्रांसफर की मांग पर अड़े नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई तक नगर पंचायत में ठप रहेंगे कामकाज। कार्य बहिष्कार से शहर की सफाई व्यवस्था चरमराने और आम जनता के जरूरी काम प्रभावित होने का मंडराया खतरा।
लालकुआं (नैनीताल)। लालकुआं में ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के आवागमन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नगर पंचायत और पुलिस के बीच आर-पार की लड़ाई में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के बीच बुधवार सुबह हुई तीखी नोकझोंक का मामला देर शाम तक गरमाया रहा। मामला इतना बढ़ गया कि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने समर्थकों, पूर्व सैनिकों और सभासदों के साथ कोतवाली परिसर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। वहीं, देर शाम प्रेस वार्ता कर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच होने तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया।
मामले की शुरुआत बुधवार सुबह उस समय हुई जब चौराहे से जंगल की ओर पराली लेकर जा रही कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आवागमन से यातायात और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी मौके पर पहुंचे। अध्यक्ष का आरोप है कि उन्होंने तत्काल कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा को फोन किया, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके नंबर स्विच ऑफ मिले।
अध्यक्ष के अनुसार, काफी देर बाद जब प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें धक्का देकर वहां से हटाया गया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रवाना कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद दोनों के बीच विवाद और गहरा गया। नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना था कि नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों के खिलाफ मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए थी, जबकि प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा का पक्ष था कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए वाहनों को जाने दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि नियम विरुद्ध पाए गए एक वाहन को सीज करने की कार्रवाई की गई है।
समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे चेयरमैन, जमीन पर बैठकर जताया विरोध
सुबह की घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने समर्थकों, पूर्व सैनिकों और बोर्ड सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके बाद अध्यक्ष अपने कार्यालय से पैदल ही पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां अधिकारी मौजूद नहीं मिले। इस पर उन्होंने मौजूदा चार्ज संभाल रहे हल्द्वानी के क्षेत्राधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की। कुछ देर में लालकुआं पहुंचने के आश्वासन के बाद अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ कोतवाली परिसर में जमीन पर बैठ गए।
इस दौरान काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन अध्यक्ष अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनके समर्थकों ने भी चुने हुए जनप्रतिनिधि के साथ कथित अभद्रता को अनुचित बताते हुए पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
सीओ लव शर्मा ने दिया जांच का आश्वासन, चेयरमैन ने उठाई ट्रांसफर की मांग
कुछ देर बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा लालकुआं पहुंचे और नगर पंचायत अध्यक्ष तथा उनके समर्थकों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने अध्यक्ष की ओर से सौंपे गए शिकायती पत्र के आधार पर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी के सामने प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के स्थानांतरण की मांग रखी। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने भी स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच के निष्कर्षों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रांसफर और निष्पक्ष जांच तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार
देर शाम नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं होती और प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण की कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उनके इस ऐलान के बाद नगर की व्यवस्थाओं को लेकर नई चिंता खड़ी हो गई है।
सफाई व्यवस्था पर मंडराया संकट, आम जनता की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
नगर पंचायत अध्यक्ष के कार्य बहिष्कार के ऐलान का सीधा असर शहर की व्यवस्थाओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। यदि कार्य बहिष्कार के चलते सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है तो नगर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का संकट खड़ा हो सकता है। वहीं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विभिन्न नागरिक सुविधाओं और नगर पंचायत से जुड़े अन्य जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस और नगर पंचायत के बीच बढ़ते इस टकराव का खामियाजा आखिर आम जनता क्यों भुगते? एक ओर अध्यक्ष प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हैं, तो दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस के उच्च अधिकारी इस विवाद का समाधान किस तरह निकालते हैं और क्या जांच पूरी होने तक नगर पंचायत की सफाई एवं अन्य आवश्यक सेवाएं सुचारू रखी जा सकेंगी?
फिलहाल लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत के बीच टकराव के चलते प्रशासनिक माहौल गरमा गया है और निगाहें अब पुलिस के उच्च अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी हैं।