उत्तराखंड
लालकुआं/देहरादून:- संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में दमदार वापसी, प्रदेश कार्यालय में दिग्गजों की मौजूदगी में फिर ग्रहण की पार्टी की सदस्यता……..
संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में घर वापसी, प्रदेश कार्यालय में फिर ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
26 नवंबर को देहरादून में कांग्रेस में हुईं शामिल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में लिया फैसला; लालकुआं की जनता को दिया संगठन मजबूती का भरोसा
लालकुआं/देहरादून। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। 26 नवंबर 2026 को देहरादून स्थित उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उन्होंने पार्टी में पुनः शामिल होकर अपनी राजनीतिक पारी को नई दिशा देने का ऐलान किया। संध्या डालाकोटी ने अपने इस फैसले को विचारधारा से जुड़ा निर्णय बताते हुए कहा कि कांग्रेस की उस विचारधारा से दोबारा जुड़कर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
कांग्रेस में उनकी वापसी के दौरान प्रदेश प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, डॉ. हरक सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
संध्या डालाकोटी ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह एवं सम्मान ने उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह केवल पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय नहीं, बल्कि उस विचारधारा और परिवार से दोबारा जुड़ने का संकल्प है, जिसके साथ वह जनसेवा के उद्देश्य से आगे बढ़ना चाहती हैं।
कांग्रेस में वापसी के बाद संध्या डालाकोटी ने विशेष रूप से लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने हर परिस्थिति में उन्हें प्यार और विश्वास दिया है। वह पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं और आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का काम करेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण के साथ जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता रहेगी।
गौरतलब है कि संध्या डालाकोटी पूर्व में हल्द्वानी विकासखंड की ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता रही है। अब कांग्रेस में उनकी पुनः वापसी को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।