उत्तराखंड
लालकुआं ब्रेकिंग:- राष्ट्रीय स्तर पर चमका लालकुआं नगर पंचायत, “अर्बन लर्नथॉन 2.0” में हासिल किया प्रथम स्थान…….
राष्ट्रीय स्तर पर चमका लालकुआं नगर पंचायत, Urban Learnathon 2.0 में हासिल किया प्रथम स्थान
गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान, 17 नवंबर को देहरादून में होगा सम्मान समारोह
लालकुआं (नैनीताल)। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में नवाचार की दिशा में नगर पंचायत लालकुआं ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) की ओर से आयोजित Urban Learnathon 2.0 में नगर पंचायत लालकुआं को Other ULBs उप-श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान (विजेता) घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए नगर पंचायत को 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह में आमंत्रण प्राप्त होने के बाद नगर पंचायत में उत्साह का माहौल है।
नगर पंचायत लालकुआं को यह प्रतिष्ठित उपलब्धि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में विकसित किए गए गुलमोहर स्वयं सहायता समूह आधारित आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल के लिए मिली है। यह मॉडल न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि कचरे को आय के स्रोत में बदलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत लालकुआं ने जून 2024 में ‘गुलमोहर’ नाम से उत्तराखंड का पहला पुरुष स्वयं सहायता समूह गठित किया था। इस समूह को घर-घर कूड़ा संग्रहण से लेकर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) के संचालन तक की जिम्मेदारी सौंपी गई। समूह द्वारा एकत्रित कचरे का पृथक्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का संग्रहण एवं विक्रय तथा शेष अपशिष्ट का उचित निस्तारण किया जा रहा है।
इस मॉडल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें स्वच्छता व्यवस्था को केवल सरकारी जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए स्वयं सहायता समूह को इससे जोड़कर आत्मनिर्भर व्यवस्था विकसित की गई है। इससे एक ओर नगर पंचायत के संचालन संबंधी वित्तीय भार को कम करने में मदद मिली है, वहीं दूसरी ओर समूह के सदस्यों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
यह पहल स्वच्छ भारत मिशन और दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने का भी उदाहरण है। स्थानीय संसाधनों, जनसहभागिता और स्वयं सहायता समूह की सक्रिय भूमिका से तैयार इस मॉडल को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
नगर पंचायत लालकुआं की यह सफलता निश्चित रूप से छोटे शहरी निकायों के लिए एक नई मिसाल है। सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय स्तर पर तैयार किया गया यह अभिनव मॉडल साबित करता है कि बेहतर सोच, जनसहभागिता और प्रभावी प्रबंधन के जरिए स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव लाया जा सकता है। 17 नवंबर को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान न केवल लालकुआं नगर पंचायत की उपलब्धि होगा, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण भी बनेगा।