उत्तराखंड
मुंबई:- मुख्यमंत्री धामी के साथ मुंबई पहुंचे भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी, प्रवासी उत्तराखंडियों से विकास में साझेदारी का किया आह्वान
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों के आत्मीय संवाद कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ दीपेन्द्र कोश्यारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडवासियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास में उनकी सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यसेवक के रूप में अपने पिछले पाँच वर्षों की जनसेवा, सुशासन और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए विकसित उत्तराखंड के विजन को साझा किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी के माध्यम से विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रवासी उत्तराखंडवासियों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है।
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रवासी उत्तराखंडवासियों के राज्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से बाहर रहकर भी अपने गांव, समाज और प्रदेश के विकास में योगदान देना प्रत्येक प्रवासी के लिए गौरव की बात है तथा युवा पीढ़ी को भी इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के आह्वान पर देश-विदेश में रह रहे 27 प्रवासी उत्तराखंडवासियों ने 29 गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में विश्वास व्यक्त किया गया कि भविष्य में भी प्रवासी उत्तराखंडवासी राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे और विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित प्रवासी उत्तराखंडवासियों ने भी राज्य के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।