उत्तराखंड
ब्रेकिंग न्यूज (उत्तराखंड) “ऑपरेशन प्रहार” में पुलिस का बड़ा एक्शन, कई अभियुक्त गिरफ्तार; सीएम धामी की सख्ती का दिख रहा असर……
देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की सख्ती के बाद उत्तराखंड पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई अहम सफलताएं हासिल की हैं।
राजपुर हत्याकांड में 3 और गिरफ्तार
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह घटना बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच रोड रेंज के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी थी, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पूर्व में भी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
18.5 लाख की डकैती का फरार आरोपी ऋषिकेश से पकड़ा
महाराष्ट्र के रायगढ़ जनपद के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। आरोपी को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के जरिए चिन्हित कर पकड़ा गया। बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया।
1 लाख का इनामी और जेल फरार अपराधी भी दबोचा
उड़ीसा के कटक जनपद से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को भी पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। टिहरी और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अतिक्रमण और ट्रैफिक के खिलाफ भी कार्रवाई
डाकरा बाजार क्षेत्र में पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान अवैध अतिक्रमण हटाते हुए कई लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाकर चालान भी किया गया।
पूरे प्रदेश में चल रहा सघन अभियान
डीजीपी उत्तराखंड Deepam Seth ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ होटल, पीजी, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। साथ ही शहरों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।