उत्तराखंड
नैनीताल:- भीमताल में युवतियों से धोखाधड़ी मामले पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सख्त, पुलिस को दिये कड़ी कार्रवाई के निर्देश…….
भीमताल में युवतियों से धोखाधड़ी मामले पर सख्त रुख, राम सिंह कैड़ा ने पुलिस को दिये कड़ी कार्रवाई के निर्देश
भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सामने आए युवतियों से कथित धोखाधड़ी और पहचान छुपाने के मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्री कैड़ा ने भीमताल में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेकर पूरे प्रकरण की समीक्षा की और दोषियों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिये।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पहचान छुपाकर युवतियों से संपर्क करने, उन्हें प्रेमजाल में फंसाने और विवाह का झूठा आश्वासन देने जैसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने इसे भीमताल की शांति और सामाजिक सद्भाव के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले में पीड़िताओं के धार्मिक विश्वासों के अपमान और आपत्तिजनक व्यवहार की शिकायतें सामने आई हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री कैड़ा ने स्पष्ट किया कि सभी पीड़िताओं को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।