उत्तराखंड
चमोली:- कोतवाली गैरसैंण में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा, एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
नवनिर्मित कोतवाली परिसर में हुआ हवन-पूजन और भंडारा, एसपी ने किया पौधारोपण
पुलिस भवनों व फायर सर्विस निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता के दिए निर्देश
भराड़ीसैंण विधानसभा भवन पहुंचकर राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रमों की सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
गैरसैंण। नवनिर्मित कोतवाली गैरसैंण परिसर स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर में बुधवार, 24 सितंबर 2026 को शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक एवं वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन में आहुतियां अर्पित कर जनपद में सुख-शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। पुलिस विभाग की ओर से स्थानीय नागरिकों एवं शिवभक्तों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। एसपी चमोली ने स्वयं श्रद्धालुओं को भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर में मंदिर की स्थापना से पुलिसकर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संबल मिलेगा, जिससे उनका मनोबल बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर एसपी चमोली ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
नवनिर्मित कोतवाली भवन का किया निरीक्षण
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद एसपी चमोली ने नवनिर्मित कोतवाली गैरसैंण भवन एवं परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कोतवाली कार्यालय, भोजनालय समेत परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं और पुलिसकर्मियों के लिए दी गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यस्थलों एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने वर्तमान में संचालित चेकिंग अभियानों को और प्रभावी बनाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और महिला सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश
एसपी ने कोतवाली परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण के दौरान तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही निर्माणाधीन फायर सर्विस भवन का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने निर्माण कार्य की प्रगति और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सामने आई कमियों एवं सुधार के बिंदुओं पर संबंधित कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने को कहा।
भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
इसके बाद पुलिस अधीक्षक चमोली भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रैतिक परेड के संभावित कार्यक्रम स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
एसपी ने विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी कार्यदायी संस्था से ली। उन्होंने विधानसभा भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा।
इसके अलावा पुलिस लाइन भराड़ीसैंण में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने निर्माणाधीन भवनों एवं परिसर में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पुलिस भवनों एवं परिसरों के निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, आदिबद्री मंदिर समिति के अध्यक्ष जे.पी. बहुगुणा, प्रभारी निरीक्षक गैरसैंण मनोज सिरोला, होटल व्यवसायी रवि चौहान सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।