उत्तराखंड
नैनीताल: उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश, देखें पूरी अपडेट:-
पर्यटन सीजन से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
नैनीताल, 18 मार्च 2026
डॉ आर. एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि लागत में अनावश्यक वृद्धि न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए और जरूरत पड़ने पर शासन स्तर पर मामला तुरंत उठाया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि विकास कार्य किसी भी स्थिति में रुकने नहीं चाहिए। सभी विभाग मासिक लक्ष्य तय कर कार्य करें और लंबित टेंडर, स्वीकृतियां एवं तकनीकी अनुमोदन शीघ्र पूर्ण करें। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं की गति बढ़ने से जनसुविधाओं में भी सुधार होगा।
पर्यटन सीजन को लेकर सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग को चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पर्याप्त पार्किंग, ट्रैफिक प्लान, स्ट्रीट लाइट और सटल सेवाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।
कैंची धाम सहित प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से मानस खण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंची धाम के सौंदर्यीकरण एवं प्रकाशीकरण कार्य को जून 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
पेयजल व सीवरेज परियोजनाओं पर फोकस
जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल योजनाओं में कोई ढिलाई न बरती जाए।
इन्द्रानगर नाला कैचमेंट सीवरेज एवं प्रदूषण नियंत्रण (24 करोड़) और कालाआगर पंपिंग पेयजल योजना (23 करोड़) को भी तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जमरानी बांध और अन्य बड़ी परियोजनाएं
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान 3678 करोड़ रुपये की जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई और इसे जून 2029 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टनल निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अन्य परियोजनाओं से सीख लेने के निर्देश भी दिए गए।
बस टर्मिनल, अस्पताल व शैक्षणिक भवनों पर जोर
काठगोदाम (67 करोड़) और रामनगर (28 करोड़) बस टर्मिनल निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय में बीएड/विधि संकाय भवन (45 करोड़), 100 शैया मानसिक चिकित्सालय गेठिया (44 करोड़) और मेडिकल कॉलेज में स्टेट कैंसर संस्थान (39 करोड़) के निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने को कहा गया।
हल्द्वानी सीवरेज और नमो भवन की समीक्षा
हल्द्वानी में सीवरेज परियोजनाओं (पैकेज 1, 2 और 3) और 397 करोड़ की लागत से बनने वाले नमो भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने देरी के कारणों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
सीएम हेल्पलाइन व जन शिकायतों पर सख्ती
मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पब्लिक ग्रीवांस पर त्वरित कार्रवाई सरकार की प्राथमिकता है।
एलपीजी आपूर्ति व अन्य व्यवस्थाएं
उन्होंने एलपीजी गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा मांग के अनुरूप व्यवसायिक सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति के निर्देश दिए। साथ ही नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधारने के लिए मोबाइल टावर प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने को कहा।
जिलाधिकारी ने दी प्रगति की जानकारी
बैठक में ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों, राजस्व अभियानों, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभिन्न अभियानों के तहत हजारों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है और शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए नैनीताल को योजनाबद्ध और तेजी से विकसित होने वाला आदर्श जनपद बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक होने पर अनटाइड फंड या शासन से प्रस्ताव भेजकर शीघ्र पूरा किया जाए।