उत्तराखंड
देहरादून:- 63 सफाई निरीक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र, शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास
देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नवीन भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया तथा कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके जीवन में नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि राज्य में शहरों का तेजी से विस्तार हुआ है और वर्तमान में प्रदेश में 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत सहित कुल 108 स्थानीय निकाय कार्य कर रहे हैं। ऐसे में शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने में नगर निकायों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई निरीक्षक नगर निकायों की व्यवस्था की नींव होते हैं। पिछले पांच वर्षों में नगर निकायों में 63 अधिशासी अधिकारियों, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षकों और 32 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। अब 63 सफाई निरीक्षकों की नियुक्ति से नगर निकायों की कार्यक्षमता और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, आध्यात्म और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां चारधाम और गंगा-यमुना के पावन तीर्थ हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन होना है और अगले महीने से चारधाम यात्रा भी शुरू होने वाली है। ऐसे में शहरों और तीर्थस्थलों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शहरों को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है, वहीं स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।