Connect with us

उत्तराखंड

भीमताल में नेटवर्क सुधार की मांग: मंत्री राम सिंह कैड़ा ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से की मुलाकात, नए टावर और फाइबर कनेक्टिविटी का उठाया मुद्दा

भीमताल में नेटवर्क सुधार की मांग: मंत्री राम सिंह कैड़ा ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से की मुलाकात, नए टावर और फाइबर कनेक्टिविटी का उठाया मुद्दा

नई दिल्ली/भीमताल। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं को मजबूत बनाने की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से अवगत कराते हुए नए मोबाइल टावर स्थापित करने तथा पहले से लगाए गए बीएसएनएल के 4जी टावरों को फाइबर नेटवर्क से जोड़ने का अनुरोध किया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में केंद्र सरकार के सहयोग से एक दर्जन से अधिक बीएसएनएल के 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। हालांकि इनमें से कई टावर सैटेलाइट के माध्यम से संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और लोगों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क व इंटरनेट सुविधा नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र के कई गांव मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। खराब नेटवर्क के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य उपभोक्ताओं को दैनिक कार्यों, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सेवाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

कैबिनेट मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि जिन स्थानों पर बीएसएनएल के नए 4जी टावर लगाए गए हैं, उन्हें शीघ्र फाइबर लाइन से जोड़ा जाए ताकि उनकी क्षमता बढ़ सके। साथ ही जिन गांवों में अभी तक मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, वहां नए टावर स्थापित कर बीएसएनएल की सेवाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जाए।

मुलाकात के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्री कैड़ा की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को भीमताल क्षेत्र में संचार सेवाओं का सर्वे कराने और नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। यहां बेहतर मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी होने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी नया बढ़ावा मिलेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखंड

Trending News

Follow Facebook Page

About

अगर नहीं सुन रहा है कोई आपकी बात, तो हम बनेंगे आपकी आवाज, UK LIVE 24 के साथ, अपने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी प्रमुख मुद्दों की खबरें प्रकाशित करने के लिए संपर्क करें।

Author (संपादक)

Editor – Shailendra Kumar Singh
Address: Lalkuan, Nainital, Uttarakhand
Email – [email protected]
Mob – +91 96274 58823