Connect with us

उत्तराखंड

गरुड़ (बागेश्वर) जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं समस्याएं, 95.22 लाख के ऋण वितरित


गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं विकास’ पखवाड़े के तहत सोमवार को गरुड़ विकासखंड के माथरों-पतली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मंत्री राम सिंह कैड़ा का जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन स्वीकृति पत्र, बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं एमएसएमई के तहत 95.22 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, दुग्ध विकास, समाज कल्याण और स्वरोजगार समेत विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतों के पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने तक संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर मौजूद रहें।

कार्यक्रम को विधायक पार्वती दास और सुरेश गढ़िया ने भी संबोधित किया तथा लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पलायन आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

More in उत्तराखंड

Trending News

Follow Facebook Page

About

अगर नहीं सुन रहा है कोई आपकी बात, तो हम बनेंगे आपकी आवाज, UK LIVE 24 के साथ, अपने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी प्रमुख मुद्दों की खबरें प्रकाशित करने के लिए संपर्क करें।

Author (संपादक)

Editor – Shailendra Kumar Singh
Address: Lalkuan, Nainital, Uttarakhand
Email – [email protected]
Mob – +91 96274 58823