उत्तराखंड
लालकुआं:- ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में गुनगुन कबडवाल ने क्षेत्र का नाम किया रोशन
लालकुआं/मोटाहल्दू। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) में कार्यरत प्रकाश कबड़वाल की पुत्री गुनगुन कबड़वाल ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। देशभर में आयोजित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में कक्षा 9 में प्रवेश हेतु आयोजित प्रतियोगिता में गुनगुन ने ऑल इंडिया स्तर पर 35वीं रैंक तथा उत्तराखंड में तीसरी रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
गुनगुन का चयन प्रतिष्ठित Sainik School Ghorakhal में कक्षा 9 में प्रवेश के लिए हुआ है। सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए देशभर से लाखों छात्र-छात्राएं परीक्षा देते हैं, ऐसे में इस कठिन प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करना गर्व का विषय है।

मोटाहल्दू क्षेत्र के ग्राम सूपी भगवानपुर निवासी गुनगुन के पिता प्रकाश कबड़वाल कुमाऊं मंडल विकास निगम में कार्यरत हैं, माता कमला कबड़वाल गृहिणी हैं तथा दादी पुष्पा कबड़वाल ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। बेटी की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान रमेश जोशी ने उनके आवास पहुंचकर परिवारजनों को बधाई दी और गुनगुन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्र में संचालित चैतन्य अकैडमी के संचालक सुरेश चंद सूठा को भी शुभकामनाएं दी गईं। ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गुनगुन की इस सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी।
क्षेत्रवासियों ने गुनगुन कबड़वाल को शुभाशीष देते हुए विश्वास जताया कि वह सैनिक स्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगी।