Connect with us

उत्तराखंड

हल्द्वानी/भीमताल:- मानसून से पहले तैयारियां पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंत्री राम सिंह कैड़ा

भीमताल में अधिकारियों की समीक्षा बैठक, आपदा प्रबंधन और जनसुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

भीमताल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए विकास भवन सभागार, भीमताल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), पेयजल, सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले जलभराव, भूस्खलन और अन्य आपदा संबंधी समस्याओं से निपटने की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा के दौरान बंद होने वाले मोटर मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात रखी जाएं।

मंत्री कैड़ा ने ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े नालों की सिल्ट सफाई तथा नदियों के आवश्यक डायवर्जन कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि भारी वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे। उन्होंने मुख्य मार्गों और चौराहों पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने तथा सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। तेज बारिश और आंधी के कारण बिजली के पोल या तार क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में त्वरित बहाली के लिए विशेष रिस्पॉन्स टीम तैयार रखी जाए। साथ ही पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखा जाए, ताकि बरसात के दौरान फैलने वाली बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

बैठक में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि बरसात के दौरान अधिकारियों की सुस्ती के कारण जनता को परेशानी हुई, जलभराव की स्थिति बनी या मोटर मार्ग लंबे समय तक बंद रहे तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा मंत्री ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखंड

Trending News

Follow Facebook Page

About

अगर नहीं सुन रहा है कोई आपकी बात, तो हम बनेंगे आपकी आवाज, UK LIVE 24 के साथ, अपने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी प्रमुख मुद्दों की खबरें प्रकाशित करने के लिए संपर्क करें।

Author (संपादक)

Editor – Shailendra Kumar Singh
Address: Lalkuan, Nainital, Uttarakhand
Email – [email protected]
Mob – +91 96274 58823