उत्तराखंड
हल्द्वानी:- “3 दिन में करो DPR तैयार, मानसून से पहले खत्म हो जलभराव की समस्या”— DM ललित मोहन रयाल का सख्त अल्टीमेटम
हल्द्वानी, 13 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मानसून से पूर्व जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तीन दिन के भीतर डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षाकाल में आमजन को जलभराव से होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के लिए सभी संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और उसे शीघ्र शासन को भेजा जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मानसून से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी होनी चाहिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि हल्द्वानी नगर में 6 प्रमुख नालों के कारण हर साल जलभराव की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ने इन नालों के साथ-साथ छोटे-बड़े सभी नालों की निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर निगम के पुराने और नए वार्डों में जलभराव के स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता सिंचाई और यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र, उससे जुड़े ग्रामीण वार्डों और रामनगर क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर तीन दिन में डीपीआर तैयार करें।
बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता सिंचाई महेश खरे ने बताया कि रकसिया नाला बिरला स्कूल के आगे ओवरफ्लो होता है, जिसके समाधान के लिए कार्य प्रगति पर है। वहीं चौफुला चौराहे से पनियाली तक नहर कवरिंग का कार्य पूरा हो चुका है। कलसिया नाले की सफाई और काठगोदाम स्थित देवखड़ी नाले पर चल रहे कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।
रामनगर क्षेत्र के चोरपानी, गौजानी, पदमपुरी, भरतपुरी, लखनपुरी और मालधनचौड़ में जलभराव के स्थायी समाधान के लिए भी डीपीआर तैयार करने को कहा गया है। अधिकारियों के अनुसार, मालधनचौड़ क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों से 7 गांवों को राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी रयाल ने स्पष्ट किया कि गांवों में जल निकासी की समस्या दूर करने और किसानों को नुकसान से बचाने के लिए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, अधीक्षण अभियंता सिंचाई महेश खरे, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।