wh हल्द्वानी न्यूज:- उत्तराखंड के युवाओं के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन की बड़ी पहल, चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने प्रेस वार्ता कर दी अहम जानकारी - UK LIVE 24 NEWS NETWORK
Connect with us

उत्तराखंड

हल्द्वानी न्यूज:- उत्तराखंड के युवाओं के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन की बड़ी पहल, चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने प्रेस वार्ता कर दी अहम जानकारी


हल्द्वानी, 9 मार्च। उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक बड़ी पहल की घोषणा की है। ग्राफिक एरा के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों को बिना शुल्क इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही उत्तराखंड की प्रतिभाओं को प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।


ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इसका उदाहरण विश्वविद्यालय की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा मीनल नेगी हैं, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से आने वाली मीनल नेगी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


उन्होंने बताया कि कई प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। ऐसे युवाओं को अवसर देने के लिए ग्राफिक एरा ने देहरादून और भीमताल में इंजीनियरिंग डिप्लोमा तथा होटल मैनेजमेंट के एक वर्षीय कोर्स निशुल्क कराने का निर्णय लिया है।

इन कोर्सों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल होंगे। चयनित छात्र-छात्राओं को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी।


डॉ. घनशाला ने बताया कि उत्तराखंड के कई युवा बिना किसी डिग्री के होटल उद्योग में काम करने लगते हैं, जिससे उन्हें आगे बढ़ने में कठिनाई होती है। ऐसे युवाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण देकर उनके करियर को बेहतर बनाने की योजना बनाई गई है। होटल मैनेजमेंट के प्रशिक्षण के साथ इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे युवा होटल उद्योग में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।


पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक कर्नल ए.के. नायर, डॉ. हिमानी सेमवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

More in उत्तराखंड

Trending News

Follow Facebook Page

About

अगर नहीं सुन रहा है कोई आपकी बात, तो हम बनेंगे आपकी आवाज, UK LIVE 24 के साथ, अपने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी प्रमुख मुद्दों की खबरें प्रकाशित करने के लिए संपर्क करें।

Author (संपादक)

Editor – Shailendra Kumar Singh
Address: Lalkuan, Nainital, Uttarakhand
Email – uklive24network@gmail.com
Mob – +91 96274 58823