उत्तराखंड
हल्द्वानी न्यूज़:- फायर सीजन को लेकर तराई पूर्वी वन प्रभाग अलर्ट, 50 क्रू स्टेशन बनाए गए — डीएफओ हिमांशु बागरी
फायर सीजन को लेकर वन विभाग अलर्ट, 50 क्रू स्टेशन बनाए गए — डीएफओ हिमांशु बागरी
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) हिमांशु बागरी ने हीरानगर स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी फायर सीजन को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ चुका है। जंगलों में आग की घटनाओं की रोकथाम और त्वरित नियंत्रण के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
डीएफओ बागरी ने बताया कि उनके डिवीजन में कुल 50 क्रू स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इन क्रू स्टेशनों पर प्रशिक्षित वन कर्मियों की तैनाती रहेगी और कोई भी व्यक्ति जंगल में आग लगने की सूचना सीधे यहां दे सकता है। सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि फायर सीजन के दौरान वन कर्मियों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित और सुरक्षित ढंग से कार्य करना है, ताकि पूर्व में अल्मोड़ा में हुई दुखद घटना जैसी परिस्थितियों से बचा जा सके। विभाग का प्रयास है कि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो और वन संपदा को न्यूनतम नुकसान पहुंचे।
डीएफओ ने आगे बताया कि फायर सीजन में तैनात वन कर्मियों का बीमा भी कराया जाएगा ताकि विषम परिस्थितियों में कार्य करते समय यदि कोई कर्मचारी घायल होता है तो उसे बेहतर इलाज सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
वन विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि जंगलों में आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें तथा वन क्षेत्रों में जलती बीड़ी-सिगरेट या अन्य ज्वलनशील पदार्थ न फेंकें। सामूहिक सहयोग से ही वन संपदा को सुरक्षित रखा जा सकता है।