उत्तराखंड
हरिद्वार:- मुख्यमंत्री धामी ने 235 करोड़ की चार परियोजनाओं का किया शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित ये मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद……..
हरिद्वार:- मुख्यमंत्री धामी ने 235 करोड़ की चार परियोजनाओं का किया शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित ये मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद……..
महाकुंभ-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति, हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत आधारभूत सुविधाओं का होगा व्यापक विकास
हरिद्वार।
हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की लागत वाली चार प्रमुख आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं के माध्यम से आगामी महाकुंभ-2027 की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही वर्षभर आने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार, परिवहन, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प तथा अन्य सेवा क्षेत्रों को भी नई गति मिलेगी।
अलकनंदा होटल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के व्यापक विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के साथ केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर तथा विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर भी कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। इसके तहत नए घाटों और पुलों का निर्माण, प्रमुख संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था का आधुनिकीकरण तथा बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर तक सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नए पुल और पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य तेजी से चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज, श्यामपुर में स्वास्थ्य केंद्र, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी, हर की पैड़ी से चंडी देवी एवं मनसा देवी तक रोपवे परियोजना तथा विभिन्न फ्लाईओवरों के नीचे पार्किंग, पार्क और व्यावसायिक परिसर विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए केवल अस्थायी व्यवस्थाओं की परंपरा को बदलते हुए कांवड़ पटरी मार्ग के स्थायी एवं आधुनिक विकास पर विशेष जोर दिया है, ताकि हर वर्ष आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति, सरकारी भूमि से 12 हजार एकड़ से अधिक अतिक्रमण हटाने तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति देने का भी उल्लेख किया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा एवं विधायक प्रदीप बत्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि महाकुंभ-2027 से पूर्व सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, मेयर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक आदेश चौहान, प्रमुख सचिव विनय शंकर पांडेय, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।