उत्तराखंड
हल्द्वानी डबल मर्डर केस मामले में कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष इंदर पाल आर्या का सरकार पर हमला, 16 फरवरी को लोकभवन घेराव का ऐलान
हल्द्वानी (नैनीताल) हल्द्वानी में हाल ही में हुए डबल मर्डर केस और चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय मिलने में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के नैनीताल जिला अध्यक्ष इंदर पाल आर्य ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
इंदर पाल आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लंबा समय बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने में विफल रही है जबकि कांग्रेस पार्टी के जबरदस्त प्रदर्शनों के बाद ही सरकार ने सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया।
वहीं हल्द्वानी में एक युवक और युवती की निर्मम हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। आर्य ने कहा कि लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसी गंभीर घटनाओं के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार में किसी भी स्तर पर जवाबदेही तय होती नजर नहीं आ रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज अपराधों से विचलित है और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है और प्रशासनिक तंत्र निष्क्रिय बना हुआ है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आगामी 16 फरवरी को लोकभवन का घेराव करने का ऐलान किया है। इंदर पाल आर्य ने कहा कि इस आंदोलन के माध्यम से सरकार को चेताने और जनता की आवाज बुलंद करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता जनार्दन सरकार को सबक सिखाने का काम जरूर करेगी।