उत्तराखंड
लालकुआं में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की पहल, चेयरमैन लोटनी ने रखा प्रस्ताव ये अहम प्रताव……..
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं में युवाओं और स्थानीय नागरिकों को स्वरोजगार तथा नए उद्योगों की स्थापना के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी के अधिकारियों ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, उद्योग स्थापना, ऑनलाइन आवेदन और बैंक ऋण प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवक-युवतियों और नागरिकों ने ऋण प्राप्त करने के दौरान आने वाली समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। खासतौर पर बैंक स्तर पर कई आवेदकों से लगभग तीन वर्ष की आयकर रिटर्न (आईटीआर) मांगे जाने की समस्या उठाई गई। नागरिकों का कहना था कि इससे पहली बार अपना व्यवसाय शुरू करने वाले नए उद्यमियों को ऋण प्राप्त करने में परेशानी होती है।
इस पर जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने कहा कि समस्या को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक वार्ता की जाएगी और बैंक स्तर पर आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
एक ही जगह मिले समाधान, लोटनी की नई पहल
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने स्वरोजगार के इच्छुक लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण पहल का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसा दिन निर्धारित करने का प्रयास किया जाएगा, जब जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के लीड बैंक एवं संबंधित बैंक अधिकारियों को एक ही स्थान पर बुलाया जाए, ताकि स्वरोजगार के आवेदकों को आवेदन, बैंकिंग प्रक्रिया और ऋण से जुड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी और ऋण प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
अध्यक्ष लोटनी ने नगर क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों से अपील की कि जो भी व्यक्ति स्वरोजगार अथवा नया व्यवसाय शुरू करना चाहता है, वह संबंधित योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करे। आवेदन या ऋण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर परेशानी आने पर नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क कर समस्या उनके समक्ष रखी जा सकती है, ताकि संबंधित विभाग और बैंक अधिकारियों के माध्यम से उसके समाधान का प्रयास किया जा सके।
कार्यक्रम में स्वरोजगार योजना के तहत आयु सीमा से संबंधित सवाल भी उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित योजना के अंतर्गत न्यूनतम 21 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, अन्य पात्रता और ऋण संबंधी शर्तें संबंधित योजना एवं बैंक के निर्धारित नियमों के अनुसार लागू होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य लालकुआं क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना, नए उद्योगों को बढ़ावा देना तथा सरकारी योजनाओं और बैंक ऋण का लाभ लेने की प्रक्रिया को आसान बनाना रहा। नगर पंचायत की ओर से नागरिकों से उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की गई।