उत्तराखंड
लालकुआं में जश्ने-ईद-मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, अमन-चैन की मांगी दुआ
लालकुआं। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की खुशी में मंगलवार को लालकुआं नगर में मुस्लिम समाज द्वारा जश्ने-ईद-मिलादुन्नबी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह और अकीदत के साथ विशाल जुलूस निकाला।
जुलूस की शुरुआत जवाहर नगर वार्ड नंबर-4 स्थित जामा मस्जिद से हुई। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों एवं वार्डों से होकर गुजरा। इस दौरान लोगों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं और उनके बताए इंसानियत, भाईचारे तथा शांति के संदेश को याद किया। जुलूस भ्रमण के बाद मुख्य चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन, चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। लोगों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी इंसानियत को प्रेम, शांति, सद्भाव और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया है, जिसे समाज में आगे बढ़ाने की जरूरत है।
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों और जुलूस के मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्था पर नजर बनाए रखी और जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हुए सभी लोगों को जश्ने-ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।