उत्तराखंड
रुद्रपुर:- उधम सिंह नगर में कैलाश रिवर बैड मिनरल्स एलएलपी का हरित अभियान, 1000 पौधों का किया रोपण
उधम सिंह नगर में कैलाश रिवर बैड मिनरल्स एलएलपी का हरित अभियान, 1000 पौधों का किया रोपण
विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों और धार्मिक स्थलों पर लगाए औषधीय एवं फलदार पौधे, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रुद्रपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एम/एस कैलाश रिवर बैड मिनरल्स एल.एल.पी. द्वारा जनपद उधम सिंह नगर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक जिले के विभिन्न स्थानों पर 1,000 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया जा चुका है। रोपित पौधों में अधिकांश औषधीय एवं फलदार प्रजातियों के हैं, जो भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे।
कंपनी द्वारा यह वृक्षारोपण अभियान सरकारी विद्यालयों के परिसरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों द्वारा चिन्हित भूमि तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा मानव जीवन एवं जीव-जंतुओं के लिए पेड़ों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षकों से विद्यार्थियों को समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने और पौधों की देखभाल के लिए जागरूक करने का अनुरोध किया गया।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कंपनी का उद्देश्य हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है।