उत्तराखंड
लालकुआं/चम्पावत (दुःखद समाचार) लालकुआं में तैनात RPF के वरिष्ठ जवान श्याम सिंह बोरा के पिता, कंपनी कमांडर RPF त्रिलोक सिंह बोरा (सेवानिवृत्त) का 96 वर्ष की आयु में हुआ निधन
लालकुआं/चम्पावत में शोक की लहर: आरपीएफ के सेवानिवृत्त कंपनी कमांडर त्रिलोक सिंह बोरा का 96 वर्ष की आयु में निधन
लालकुआं/चम्पावत। कुमाऊं के सबसे बड़े रेलवे जंक्शन लालकुआं से एक दुःखद समाचार सामने आया है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के सेवानिवृत्त कंपनी कमांडर त्रिलोक सिंह बोरा का सोमवार को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
त्रिलोक सिंह बोरा के पुत्र श्याम सिंह बोरा वर्तमान में लालकुआं रेलवे स्टेशन में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में वरिष्ठ जवान के रूप में तैनात हैं। परिजनों के अनुसार स्व. बोरा का उपचार हल्द्वानी के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा था, जहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्व. बोरा ने अपने सेवाकाल में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्पेक्टर पद पर सेवाएं दीं और कंपनी कमांडर के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1996 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई।
वह उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़े और चम्पावत को जिला बनाए जाने के आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई। चम्पावत संघर्ष समिति के सक्रिय सदस्य के रूप में उन्होंने अमूल्य योगदान दिया। बताया जाता है कि उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक चम्पावत जिला नहीं बनेगा, तब तक वह दाढ़ी और बाल नहीं कटवाएंगे। जिला बनने के बाद ही उन्होंने अपना संकल्प पूर्ण किया।
स्व. त्रिलोक सिंह बोरा चम्पावत क्षेत्र में एक समर्पित समाजसेवी के रूप में भी पहचाने जाते थे। जीवन के अंतिम पड़ाव में भी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद वह समाज सेवा में सक्रिय रहे।
मूल रूप से जीआईसी रोड, चम्पावत के निवासी स्व. बोरा इन दिनों लालकुआं में अपने पुत्र के सरकारी आवास पर रह रहे थे। अपने पीछे वह भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। इधर परिजनों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव चंपावत में होगा।