लालकुआं/देहरादून:- लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों के शीघ्र समाधान को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने देहरादून में मुख्यमंत्री, मंत्रियों एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां, धनराशि एवं विभागीय अनुमति शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक डॉ. बिष्ट ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लालकुआं विधानसभा की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने गौला पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड के सुदृढ़ीकरण, उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों के लिए स्थायी पद स्वीकृत करने तथा समाज कल्याण विभाग में लंबे समय से कार्यरत संविदा एवं दैनिक कर्मियों के नियमितीकरण की मांग रखी।
इसके अलावा विधायक ने बिंदुखत्ता में शहीद मोहन नाथ गोस्वामी मिनी स्टेडियम, हल्दूचौड़ में शहीद सुधीर बमेठा मिनी स्टेडियम के निर्माण, बिंदुखत्ता में शहीद स्मारक के समीप विकास केंद्र बनाए जाने, सीलिंग से प्रभावित हिम्मतपुर चौमवाल के निवासियों को भूमिधरी अधिकार दिए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
विधायक ने जोगानाली चौराहे से देवी मंदिर चोरगलिया तक सड़क निर्माण, ट्रेंचिंग ग्राउंड के सुदृढ़ीकरण के लिए योजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने तथा काठगोदाम के समीप क्षतिग्रस्त गौलापार समानांतर नहर के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि जारी करने सहित विधानसभा क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वन विभाग से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर वन मंत्री से मिले
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने देहरादून में वन मंत्री सुबोध उनियाल से भी मुलाकात की। उन्होंने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के चोरगलिया-सुनखड़ी से म्यूड़ी पटरानी तक शेष पांच किलोमीटर मार्ग का निर्माण कर उसे रीठा साहिब से जोड़ने का मुद्दा उठाया।
इसके साथ ही शहीद मोहन नाथ गोस्वामी मिनी स्टेडियम, गौजाजाली एवं हल्दूचौड़ क्रियाशालाओं, किशनपुर गौलापार महाविद्यालय तथा सूर्यानाला पुल निर्माण से संबंधित वन विभाग की अनुमति शीघ्र प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। वन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर नोडल अधिकारी वन एवं पर्यावरण, देहरादून तथा वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमिधरी अधिकार और बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम का मुद्दा भी उठाया
विभिन्न श्रेणियों की भूमि के विनियमितीकरण की चल रही प्रक्रिया के संदर्भ में विधायक ने सचिवालय में सचिव राजस्व डॉ. एसएन पांडे से मुलाकात की। उन्होंने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में वर्ग चार, सीलिंग एवं अन्य श्रेणियों की भूमि, वन भूमि को छोड़कर, पर निवास कर रहे लोगों को भूमिधरी अधिकार प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। साथ ही बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने के लिए चल रही प्रक्रिया के संबंध में भी चर्चा की।
सूर्यानाला पुल और क्षतिग्रस्त सड़कों का मामला लोक निर्माण विभाग के समक्ष
विधायक ने सचिवालय में सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडे से मुलाकात कर हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग के मध्य चोरगलिया के समीप सूर्यानाला पर पुल का निर्माण शीघ्र कराने की मांग रखी। इसके अलावा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध किया। सचिव लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री से बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय महाविद्यालय के मुद्दे पर चर्चा
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने गोरापड़ाव स्थित बालिका इंटर कॉलेज धौलाखेड़ा के नवीन भवन निर्माण के लिए गठित आगणन के अनुसार करीब 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कराने का अनुरोध किया।
इसके साथ ही चोरगलिया इंटर कॉलेज का राजकीयकरण करने तथा राजकीय महाविद्यालय किशनपुर गौलापार के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का अनुरोध किया।
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पुल, शिक्षा, खेल, सिंचाई, भूमि अधिकार,3333 वन अनुमति और रोजगार से जुड़े मामलों के समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष मजबूती से उठाकर उनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।