उत्तराखंड
लालकुआं (नैनीताल) लालकुआं में लगा मुफ्त मेगा हेल्थ कैंप, मरीजों को मिला इलाज व जांच सुविधा
लालकुआं। क्षेत्रीय जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल द्वारा होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विशाल निःशुल्क मल्टी स्पेशलिस्ट स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे तमाम मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि सेंचुरी प्रबंधन सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनहित के कार्यों में सक्रिय है और आगे भी क्षेत्रवासियों के साथ खड़ा रहेगा।
शिविर में हल्द्वानी से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराईं। यहां ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, रक्त परीक्षण, ईसीजी, नसों की जांच और फेफड़ों से संबंधित परीक्षण समेत कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं।
सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर बाद तक चले इस शिविर में लालकुआं सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। भारी भीड़ के बीच सुव्यवस्थित तरीके से सभी मरीजों का पंजीकरण, जांच और उपचार किया गया। लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए मिल प्रबंधन और चिकित्सकों का आभार जताया।
इस अवसर पर मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शिव शंकर पंत, डॉ. पवन दत्ता, डॉ. परवेज अहमद, डॉ. भरत पांडे सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, पूर्व चेयरमैन पवन चौहान, हेमंत नरूला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।