उत्तराखंड
लालकुआं (नैनीताल) महिला क्रिकेटर मेघना सिंह के साथ सेंचुरी पेपर मिल में नारी शक्ति का रंगारंग जश्न, देखें अपडेट:-
महिला क्रिकेटर मेघना सिंह के साथ सेंचुरी पेपर मिल में नारी शक्ति का रंगारंग जश्न
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रेरक विचारों से गूंजा सेंचुरी मिल का कम्युनिटी हॉल
लालकुआँ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लालकुआँ स्थित सेंचुरी पल्प एंड पेपर के कम्युनिटी हॉल में नारी शक्ति को समर्पित एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मिल परिवार की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक समृद्धि का शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से भर उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय महिला क्रिकेटर मेघना सिंह मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना, आदित्य वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मिल के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और नारी सम्मान को समर्पित इस विशेष आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सृजन, शक्ति और करुणा का प्रतीक माना गया है। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रेरक शक्ति भी है। उन्होंने भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि सृष्टि की पूर्णता पुरुष और नारी दोनों के संतुलन से ही संभव है और जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा मिलती है तभी वास्तविक विकास संभव हो पाता है।
मिल के सीओओ प्रणव शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि मिल परिवार की महिलाओं की ऊर्जा और समर्पण संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
सीएफओ महेन्द्र हरित ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि सामाजिक विकास की अनिवार्य आवश्यकता है। जब महिलाओं को अवसर और सम्मान मिलता है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देता है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला क्रिकेटर मेघना सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि उन्हें एक बेटी होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ केवल परिवार की शान ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति भी हैं। उन्होंने युवतियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए आत्मविश्वास, मेहनत और निरंतर प्रयास का संदेश दिया।
इस दौरान मिल की महिलाओं ने नृत्य, गीत, समूह प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक झलकियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और समाज में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रतिमा जैन ने किया। इस अवसर पर श्रीमती निधि गुप्ता, श्रीमती रश्मि हरित, श्रीमती मीरा शर्मा, श्रीमती माधुरी गंगवाल, श्रीमती प्रतिमा जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि समाज में महिलाओं को सम्मान, समानता और अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि नारी शक्ति का भविष्य और अधिक सशक्त बन सके।