उत्तराखंड
लालकुआं न्यूज:- गौलापार में उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का भूमिपूजन, दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने बताया ऐतिहासिक कदम…..
लालकुआँ। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय के भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रदेश सरकार की सराहना की।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट, लालकुआँ विधायक मोहन सिंह बिष्ट, निदेशक खेल विभाग दीप्ति सिंह तथा विशेष प्रमुख खेल विभाग अमित कुमार सिन्हा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय की स्थापना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं और उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है। खेल विश्वविद्यालय के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के नए अवसर मिलेंगे।
कोश्यारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार शिक्षा, रोजगार, खेल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार बड़े फैसले ले रही है। उन्होंने खेल विश्वविद्यालय को प्रदेश के युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि गौलापार में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के बाद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। इससे स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड के युवाओं और खिलाड़ियों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के ऐसे निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत भविष्य की नींव तैयार कर रहे हैं।