उत्तराखंड
लालकुआं न्यूज:- नवरात्रि पर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, व्यापारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लालकुआं में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर, कुट्टू के आटे की बिक्री में सावधानी बरतने की अपील
लालकुआं, 10 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त आर.एस. रावत ने 10 अक्टूबर को लालकुआं में व्यापारियों के साथ बैठक कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नवरात्रि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निरीक्षण और मिलावट रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त आर.एस. रावत ने व्यापारियों से खाद्य सामग्री की बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से कुट्टू के आटे की गुणवत्ता पर ध्यान देने और खराब या गुणवत्ताहीन कुट्टू का आटा नहीं बेचने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना व्यापारियों की जिम्मेदारी है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, महामंत्री नंदन सिंह राणा, उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार, महिला उपाध्यक्ष मीना रावत, कोषाध्यक्ष विनोद पांडे, उप सचिव जितेंद्र पाल सिंह और संगठन मंत्री जितेंद्र गुप्ता सहित व्यापारी बाबू गोयल, प्रेम खुराना, वीरेंद्र कटिहार, राधेश्याम यादव और कपिल गोयल मौजूद रहे।