उत्तराखंड
लालकुआं न्यूज़:- मोटाहल्दू में दीपेंद्र कोश्यारी के नए आवास पर गृह प्रवेश व भव्य होली मिलन समारोह सम्पन्न, राजनैतिक दिग्गजों सहित आमजन का उमड़ा सैलाब
लालकुआं। विधानसभा क्षेत्र लालकुआं के अंतर्गत मोटाहल्दू में दीपेंद्र कोश्यारी (प्रदेश महामंत्री, भारतीय जनता युवा मोर्चा) के नव निर्मित आवास पर गृह प्रवेश के उपलक्ष्य में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं आमजन ने शिरकत कर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए रंगों के पर्व होली की भी बधाई दी।
समारोह में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र एवं गोवा के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने दीपेंद्र कोश्यारी को नए आवास की बधाई देते हुए कहा कि “नया घर नई ऊर्जा और नए संकल्प का प्रतीक होता है। मुझे विश्वास है कि दीपेंद्र क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए समाजसेवा के कार्यों को और गति देंगे।”
उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है।
नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने कहा कि “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।” उन्होंने दीपेंद्र कोश्यारी को युवा नेतृत्व का सशक्त चेहरा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न विधायकों एवं दर्जा राज्य मंत्रियों ने भी दीपेंद्र कोश्यारी को नए भवन की बधाई देते हुए कहा कि युवा नेतृत्व के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि होली का त्योहार आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता का संदेश देता है और सभी को इसे शांति एवं सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।
इस अवसर पर स्वयं दीपेंद्र कोश्यारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि “मैं विधानसभा क्षेत्र की जनता के स्नेह और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभारी हूं। होली का पर्व हमें प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। सभी लोग इस पर्व को उत्साह, उमंग और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।” उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प भी दोहराया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान रंग-गुलाल, पारंपरिक होली गीतों और सामूहिक मिलन के माध्यम से उत्सव का माहौल बना रहा। अंत में अतिथियों के सम्मान एवं सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।