उत्तराखंड
लालकुआं:- अवैध नशे के कारोबार को लेकर क्षेत्रीय जन समस्या निवारण संघर्ष समिति का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
लालकुआं। लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के विरोध में क्षेत्रीय जन समस्या निवारण संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। समिति के संयोजक पीयूष जोशी के नेतृत्व में तहसील परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आंख, मुंह और कान पर काली पट्टी बांधकर प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब, स्मैक, चरस और अन्य मादक पदार्थों की कथित बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। धरना समाप्ति के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया, जिसमें अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स के गठन की मांग की गई।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी व पूर्व ग्राम प्रधान शंकर जोशी, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, वरिष्ठ कांग्रेसी हेमवती नंदन दुर्गपाल, कांग्रेस एससी विभाग के नैनीताल जिलाध्यक्ष इंदर पाल आर्या, संदीप पाण्डे, किरण डालाकोटी (कैलाश), ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, भास्कर भट्ट सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।