उत्तराखंड
लालकुआं/रामनगर (नैनीताल) “ऑपरेशन स्माइल” अभियान लाया रंग, लापता मां-बच्चों को पुलिस ने परिवार से मिलाया, देखें रिपोर्ट:-
लालकुआं/हल्द्वानी। उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल अभियान” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुमशुदा बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों की तलाश और पुनर्वास के उद्देश्य से चल रहे इस अभियान में पुलिस की सक्रियता से दो अलग-अलग मामलों में गुमशुदा महिला और बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में “ऑपरेशन स्माइल” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी/नोडल अधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग, सूचना संकलन और मोबाइल लोकेशन के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए गुमशुदाओं की खोजबीन में उल्लेखनीय कार्य किया।
दिल्ली से बरामद हुई महिला और दो मासूम बच्चे
31 मार्च 2026 को ऑपरेशन स्माइल टीम द्वितीय ने ग्राम जयपुर खीमा, थाना लालकुआं निवासी यशोदा और उसके दो नाबालिग बच्चों—5 वर्षीय खुशबू और 3 वर्षीय त्रिलोक चंद्र को दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र से सकुशल बरामद किया। तीनों 8 मार्च 2026 से घर से बिना बताए लापता थे।
रामनगर से लापता महिला बच्चों सहित मिली सकुशल
एक अन्य मामले में ऑपरेशन स्माइल टीम तृतीय ने खाताड़ी, रामनगर निवासी 40 वर्षीय महिला गुलफसा, जो अपने दो बच्चों रियान (12 वर्ष) और अल्फा (10 वर्ष) के साथ लापता हो गई थी, को 1 अप्रैल 2026 को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
परिजनों ने जताया आभार
दोनों मामलों में गुमशुदाओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई से जहां परिवारों में खुशियां लौटी हैं, वहीं आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।
अभियान जारी
एसएसपी नैनीताल के निर्देशानुसार ऑपरेशन स्माइल टीम द्वारा जनपद के अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ आगे भी संचालित किया जाएगा।