उत्तराखंड
रामनगर (नैनीताल) रामनगर में नाबार्ड समर्थित LEDP कार्यक्रम शुरू, महिलाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर….
रामनगर, 31 मार्च 2026
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) का शुभारंभ मंगलवार को रामनगर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) मुकेश बेलवाल, लीड जिला प्रबंधक (LDM) अमित बाजपेयी, आरसेटी के निदेशक सहित विभिन्न बैंकों और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम हल्द्वानी स्थित गैर-सरकारी संस्था ‘महिला पिछड़ा वर्ग समिति’ के माध्यम से दो वर्षों के लिए संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को कढ़ाई एवं एप्लीक कार्य का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम के तहत करीब 90 स्वयं सहायता समूहों को उन्नत कढ़ाई और एप्लीक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा एक्सपोजर विजिट, डेमोंस्ट्रेशन यूनिट की स्थापना, उत्पादों के विपणन के लिए आउटलेट्स का विकास और बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि महिलाएं अपने स्वयं के उद्यम स्थापित कर सकें।
इस पहल के लिए नाबार्ड द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की अनुदान सहायता स्वीकृत की गई है। उद्घाटन कार्यक्रम में करीब 50 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया, जो इस योजना के प्रति उनके उत्साह को दर्शाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि नाबार्ड द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाने और आर्थिक मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
वहीं, नाबार्ड के डीडीएम मुकेश बेलवाल ने कहा कि एलईडीपी कार्यक्रम सतत आजीविका सृजन और स्वयं सहायता समूह आधारित उद्यमों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नाबार्ड की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी क्षमता निर्माण, वित्तीय समावेशन और उद्यमिता विकास को बढ़ावा देती रहेगी।
यह कार्यक्रम क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, आय सृजन और स्थानीय आर्थिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।