उत्तराखंड
रामगढ़ (नैनीताल) कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
रामगढ़ (नैनीताल)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत विकासखंड रामगढ़ के गोमतीगैर (सूपी) स्थित रामलीला मैदान में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर आमजन की समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया।
शिविर में कुल 358 लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान 27 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत आयोजित जनसेवा शिविरों से लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय पाटा खपराड़ के जर्जर भवन का मामला गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी नैनीताल को आपदा मद से विद्यालय भवन के दो कक्षों के निर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने आपदा मद से निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनहित के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।