उत्तराखंड
लालकुआं/हल्द्वानी:- तराई पूर्वी वन प्रभाग में सख्त कार्रवाई, एसडीओ अनिल जोशी ने अवैध खनन पर कसा शिकंजा, देखें रिपोर्ट:-
हल्द्वानी: तराई पूर्वी वन प्रभाग में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग के निर्देश पर सोमवार को चलाए गए औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 को उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) के नेतृत्व में गौला रेंज के अंतर्गत देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र में अचानक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में चल रही खनन गतिविधियों और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध स्थिति में उपखनिज परिवहन करते हुए पकड़ी गई। जांच के दौरान वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर ट्रैक्टर पंजीकरण संख्या UK04AR 6122 को वन विभाग ने अपनी अभिरक्षा में लेकर डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया।
वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से उपखनिज परिवहन पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करते हुए भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशानुसार क्षेत्र में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान जारी रखे जाएं, ताकि किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन न हो सके।
उन्होंने कहा कि वन विभाग अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखे हुए है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उपप्रभागीय वनाधिकारी गौला ए.के. जोशी, वन क्षेत्राधिकारी एसओजी नवीन सिंह रैकवाल, वन दरोगा दिनेश चंद्र पंत, प्रकाश चंद्र तिवारी, चालक चंदन बेदी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।