उत्तराखंड
भीमताल:- कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देशों का दिखा असर: जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को मिला लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर च्यूरीगाड़ जूनियर हाईस्कूल में तत्काल दो शिक्षकों की तैनाती, अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश
भीमताल। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ 510 लाभार्थियों को प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 148 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 107 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुर्वेद विभाग ने 80 तथा होम्योपैथी विभाग ने 44 लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आठ पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी देते हुए 11 किसानों का चयन किया। विभाग ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील भी की।
शिविर में किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर फेंसिंग की मांग उठाई। इस पर अधिकारियों ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रथम चरण में पांच गांवों का चयन कर तारबाड़, सोलर फेंसिंग एवं सोलर लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र कृषि, उद्यान एवं पशुपालन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग गांव-गांव जाकर किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं तथा बकरी पालन और गोट वैली जैसी योजनाओं को बढ़ावा दें। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय होकर किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व से लेकर पूरे मानसून के दौरान किसानों को पौधों का वितरण कर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री कैड़ा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में दिए जाते हैं। उन्होंने किसानों से ई-केवाईसी, भू-अभिलेखों का ऑनलाइन सत्यापन तथा बैंक खाते को आधार से लिंक कराने की अपील की। मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा ने भी विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान कूड़ा उठान, आवारा गोवंश और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान के मुद्दे भी उठाए गए, जिन पर संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री कैड़ा ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम से गांव-गांव सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही श्रम विभाग को छात्रवृत्ति पंजीकरण शिविर आयोजित करने तथा खाद्य विभाग को राशन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लेटीबूंगा, पोखरी, सुनकिया और खुड़ गांवों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।
शिविर में च्यूरीगाड़ जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश के बाद तत्काल दो शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई, जिससे क्षेत्रीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत भेजे गए 32 सड़क प्रस्तावों में से 17 को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही स्वीकृत सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बालिका विद्यालय लेटीबूंगा की छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालय में पीआरडी जवान अथवा होमगार्ड की तैनाती की मांग भी उठी, जिस पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल ‘रिमझिम कर्माचल’ नैनीताल ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख धारी भावना आर्या, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदा बल्लभ, कनिष्ठ उप प्रमुख गीता बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र, संजय नयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।