उत्तराखंड
भीमताल:- सीएम धामी के जन्मदिन पर मंत्री कैड़ा ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान…..
सीएम धामी के जन्मदिन पर मंत्री कैड़ा ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान
बहुउद्देशीय शिविर में जनता की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भीमताल रामलीला मैदान में रक्तदान शिविर एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में दर्जनों लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के बीच केक काटकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मनाया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘भाजपा सरकार जनता के द्वार’ की भावना के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
शिविर में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।