wh रामनगर:- तुमड़िया डैम क्षेत्र में आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 12 हजार किलो लाहन नष्ट, तीन भट्ठियां तोड़ीं - UK LIVE 24 NEWS NETWORK
Connect with us

उत्तराखंड

रामनगर:- तुमड़िया डैम क्षेत्र में आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 12 हजार किलो लाहन नष्ट, तीन भट्ठियां तोड़ीं



रामनगर (नैनीताल), 12 मार्च।
आबकारी विभाग की टीम ने रामनगर क्षेत्र के मालधन स्थित तुमड़िया डैम के आसपास अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती भट्ठियों को नष्ट कर भारी मात्रा में लाहन और कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान तस्कर डैम के पानी का सहारा लेकर नाव के जरिए मौके से फरार हो गए।


आबकारी आयुक्त उत्तराखंड शासन, देहरादून के आदेश तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में आबकारी निरीक्षक उमेश पाल के नेतृत्व में क्षेत्र-3 रामनगर की टीम ने जनपदीय प्रवर्तन दल नैनीताल के साथ संयुक्त दबिश अभियान चलाया। टीम ने मालधन क्षेत्र के तुमड़िया डैम के आसपास संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की।


दबिश के दौरान शराब बनाने वाले तस्करों को कार्रवाई की भनक लग गई और वे डैम के पानी का सहारा लेकर नाव से फरार हो गए। मौके पर टीम को अवैध शराब की तीन चलती भट्ठियां मिलीं, जिन्हें तोड़ दिया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले छह ड्रम और अन्य उपकरणों को भी समूल नष्ट कर दिया गया।


कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 12 हजार किलोग्राम लाहन नष्ट किया तथा दो अलग-अलग रबर ट्यूब में भरी करीब 80 लीटर कच्ची शराब बरामद की। आबकारी विभाग ने इस मामले में शराब बनाने वाले अभ्यस्त तस्करों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत तीन अभियोग पंजीकृत किए जा रहे हैं।


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में रामनगर आबकारी स्टाफ और जनपदीय प्रवर्तन दल के कार्मिक मौजूद रहे।

More in उत्तराखंड

Trending News

Follow Facebook Page

About

अगर नहीं सुन रहा है कोई आपकी बात, तो हम बनेंगे आपकी आवाज, UK LIVE 24 के साथ, अपने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी प्रमुख मुद्दों की खबरें प्रकाशित करने के लिए संपर्क करें।

Author (संपादक)

Editor – Shailendra Kumar Singh
Address: Lalkuan, Nainital, Uttarakhand
Email – uklive24network@gmail.com
Mob – +91 96274 58823