उत्तराखंड
रामनगर (नैनीताल) थारी जंगल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1500 किलो लाहन नष्ट, 32 लीटर अवैध शराब भी……..
रामनगर, 23 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में आबकारी विभाग ने गुरुवार को रामनगर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थारी के जंगलों में छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध कच्ची शराब की भट्ठियां लगाए जाने की शिकायत मिलने पर की गई।
जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान टीम ने जंगल में संचालित हो रही अवैध शराब की भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही लगभग 1500 किलोग्राम लाहन को नष्ट किया गया तथा एक रबर ट्यूब में रखी करीब 32 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक उमेद पाल, अल्का, हेमंत गोस्वामी सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।